रायपुर । छत्तीसगढ़ में आदिवासियों के आरक्षण को लेकर चल रहे विवाद के कारण फिलहाल छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (सीजीपीएससी) एक भी पद पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी नहीं कर पा रहा है। भर्तियों के लिहाज से प्रदेश की सबसे प्रमुख राज्य सेवा परीक्षा 2022 के भी जीरो ईयर होने की आशंका है। सीजीपीएससी को राज्य सेवा परीक्षा के लिए प्रदेश के 54 विभागों में से कुछ ही विभागों से परीक्षा के लिए प्रस्ताव मिले हैं। वह भी आरक्षण के पेंच अटकने से पहले के प्रस्ताव हैं। नतीजा यह हो रहा है कि सीजीपीएससी अभी तक राज्य सेवा परीक्षा के विज्ञापन को पूरी तरह पूर्ण नहीं कर पाया है। सीजीपीएससी के चेयरमैन टामन सिंह सोनवानी का कहना है कि जीरो ईयर अभी तो नहीं कह सकते हैं, फिलहाल तीन सप्ताह का समय बाकी है। वहीं राज्य सरकार ने शासकीय विभागों में आरक्षण रोस्टर के नियमित रूप से पालन के संबंध में जांच करने के लिए प्रकोष्ठ का गठन करने की घोषणा की है।
