अंबिकापुर।उत्तर दिशा से चल रही सर्द हवा से उत्तरी छत्तीसगढ़ का इलाका कंपकंपा उठा है। संभाग मुख्यालय अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान आठ डिग्री के करीब तो पहाड़ी इलाकों में छह डिग्री तक पहुंच गया है। बुधवार को बलरामपुर जिले के राजपुर क्षेत्र में इस सीजन का पहला पाला गिरा। पुआल के ढेर में पाला बर्फ के समान जम गया। सामरी पाट इलाके में भी पाला गिरा है। मैनपाट क्षेत्र में भी कड़ाके की ठंड से लोग बेहाल हैं। सुबह से चल रही ठंडी हवा से राहत पाने लोग धूप का आनंद ले रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार अभी दो-तीन दिनों तक ठंड के तीखे तेवर बरकरार रहेंगे। 11 दिसंबर के आसपास बादल और नमी की बढ़ने के कारण न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी संभावित है। इस दौरान चक्रवात का भी प्रभाव पड़ सकता है। हालांकि बारिश की संभावना नहीं के बराबर है। सरगुजा संभाग में दिसंबर के पहले पखवाड़े में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मंगलवार को न्यूनतम तापमान नौ डिग्री के करीब था। वह 24 घंटे में आठ डिग्री के आसपास है।
