अंबिकापुर।शहर के खरसिया रोड स्थित डिस्पोजल दोना-पत्तल सामग्री की दुकान में सोमवार रात भीषण आग लग गई। दुकान में आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते वहां रखा लाखों का सामान जलकर खाक हो गया। आग लगने की सूचना के बावजूद एक घंटे बाद दमकल वाहन वहां पहुंचा। घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग लगने की घटना में लगभग छह लाख का नुकसान दुकान संचालक को हुआ है। बताया जा रहा है कि जिस जगह पर आग लगी उसके सामने रोड से उस वक्त बारात गुजर रही थी। इस दौरान आतिशबाजी हो रही थी।
