अंबिकापुर। अंबिकापुर शहर की निगरानी अब हाइटेक तरीके से होने वाली है। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस कैमरे लगाए गए हैं। इन कैमरों को आप्टिकल फाइबर से जोड़ा गया है। पुलिस कंट्रोल रूम में बड़ी एलइडी लगाई गई है। सभी कैमरों की तस्वीर यहां आ रही है। कर्मचारी लगातार इन तस्वीरों की निगरानी कर रहे हैं। संदिग्ध वाहनों की पहचान करने में मदद मिलेगी, साथ ही असामाजिक और अपराधिक घटनाओं में शामिल लोगों की पहचान में भी ये मददगार साबित होंगे। सरगुजा पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता ने बताया कि सड़क सुरक्षा के अलावा शहर सुरक्षा और कानून व्यवस्था के लिए हम अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस एक निगरानी केंद्र बना रहे हैं। शहर में 100 से भी अधिक कैमरे को ऑप्टिकल फाइबर से जोड़कर पुलिस कंट्रोल रूम में इसका लाइव प्रसारण देख रहे हैं। शहर में तेज गति से वाहन चलाने और नियमों की अनदेखी करने वाले भी इस व्यवस्था से पकड़ में आएंगे। प्रमुख चौक—चौराहों पर ऐसे कैमरे लगाए जा रहे हैं जिससे वाहनों का नंबर प्लेट भी कैमरे में आ जाएगा।
