रायपुर। भाजपा प्रदेश संगठन में बदलाव के बाद हो रहे पहले विधानसभा उपचुनाव में दिग्गजों की अग्निपरीक्षा होने जा रही है। पूरी पार्टी में बदलाव के बाद अब भानुप्रतापपुर में पहला उपचुनाव हो रहा है। राज्य गठन के बाद हुए विधानसभा चुनाव में भानुप्रतापपुर में दो बार भाजपा, तो दो बार कांग्रेस को जीत मिली। प्रदेश में कांग्रेस की सरकार आने के बाद यह पांचवां विधानसभा उपचुनाव है। इससे पहले हुए सभी चार उपचुनाव दंतेवाड़ा, चित्रकोट, मरवाही और खैरागढ़ में जनता ने कांग्रेस के पक्ष में मतदान किया और कांग्रेस प्रत्याशियों की जीत हुई है। भाजपा के प्रदेश प्रभारी ओम माथुर 21 नवंबर को रायपुर आएंगे। प्रभारी बनने के बाद वह पहली बार छत्तीसगढ़ के दौरे पर आ रहे हैं। वह प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में पार्टी पदाधिकारियों, सांसद, विधायक और जिला अध्यक्षों के साथ कोर ग्रुप की बैठक भी लेंगे। माथुर भानुप्रतापपुर उपचुनाव के लिए तय पर्यवेक्षकों की भी बैठक लेंगे। भाजपा ने भानुप्रतापपुर में उम्मीदवार चयन के लिए आदिवासी नेता रामविचार नेताम, सांसद संतोष पांडेय, विधायक शिवरतन शर्मा और रंजना साहू को पर्यवेक्षक बनाया है। स्थानीय स्तर पर चर्चा होने के बाद अब प्रदेश चुनाव समिति में दावेदारों के नाम पर मंथन होगा। माथुर के प्रभारी बनने के बाद यहां पहली बार चुनाव हो रहा है।
