सिडनी: सलामी बल्लेबाज पाथुम निसांका (67 रन) की शानदार अर्धशतकीय पारी के बाद इंग्लैंड के गेंदबाजों ने वापसी करते हुए शनिवार को यहां टी20 विश्व कप सुपर-12 के ग्रुप एक के महत्वपूर्ण मैच में श्रीलंका को आठ विकेट पर 141 रन ही बनाने दिये। श्रीलंका ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला किया और निसांका ने 33 गेंद में अर्धशतक जड़कर अच्छी शुरूआत करायी। इस स्टाइलिश सलामी बल्लेबाज ने इंग्लैंड के आक्रमण की धज्जियां उड़ाते हुए 45 गेंद में पांच छक्के और दो चौके जमाये। लेकिन लेग स्पिनर आदिल राशिद (चार ओवर में 16 रन देकर एक विकेट) ने टूर्नामेंट में पहला विकेट निसांका के रूप में लेकर रूख बदल दिया। तेज गेंदबाज सैम कुरेन (चार ओवर में 27 रन देकर एक विकेट) ने बीच के ओवरों में कसा स्पैल डाला जिससे आठ रन से ज्यादा प्रति ओवर की लय से चल रही श्रीलंकाई टीम की रन गति पर लगाम लग गयी। बल्लेबाजी क्रम में नीचे ‘पावरहिटर’ की कमी का श्रीलंका को खामियाजा भुगतना पड़ा क्योंकि ‘बाउंड्री’ लगनी बंद हो गयी और टीम अंतिम पांच ओवर में महज 25 रन ही जोड़ सकी तथा इस दौरान उन्होंने पांच विकेट भी गंवा दिये। इंग्लैंड के तेज गेंदबाज मार्क वुड ने भी खराब शुरूआत से वापसी करते हुए 26 रन देकर तीन विकेट झटक लिये जिससे श्रीलंकाई टीम 15-20 रन कम बना सकी।
