अहमदाबाद | अरविंद केजरीवाल की अगुवाई वाली आम आदमी पार्टी (आप) ने इस बार गुजरात चुनाव में एंट्री कर मुकाबले को बेहद रोचक बना दिया है। दिल्ली और पंजाब की तरह ही ‘आप’ गुजरात में भी मुफ्त बिजली-पानी, शिक्षा और चिकित्सा से जुड़े अनेक वादे कर जनता को लुभाने की कोशिश कर रही है। इसके साथ ही ‘आप’ ने गुजरात में ‘ओटीपी’ फॉर्मूले के जरिए वोट बैंक साधने का प्रयास किया है। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को एक टीवी शो में ‘ओटीपी’ फॉर्मूले (OTP) का जिक्र करते हुए कहा कि कैसे उनकी पार्टी अपना जनाधार बढ़ा रही है। ‘आप’ नेता ने कहा कि ‘OTP’ में O का मतबल ओबीसी, T का मतबल ट्राइबल और P का मतबल पटेल से है और हमें सभी का भरपूर प्यार और समर्थन मिल रहा है।
