अंबिकापुर। मेडिकल कालेज के मातृ शिशु अस्पताल में चार बच्चों की मौत के बाद अंबिकापुर की सियासत गरमा गई है। स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंह देव के अंबिकापुर आने की खबर मिलते ही भाजपा जिला अध्यक्ष ललन प्रताप सिंह के नेतृत्व में भाजपाइयों का दल मेडिकल कालेज अस्पताल पहुंच गया था। यहां स्वास्थ्य मंत्री और मुख्यमंत्री के खिलाफ नारेबाजी के बीच भाजपाइयों ने सड़क भी जाम किया था। स्वास्थ्य मंत्री को मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने की मांग को लेकर एसडीएम को ज्ञापन सौंपने के बाद भाजपाई सड़क किनारे दूर चले गए थे, जिस ओर भाजपाइयों की उपस्थिति थी उस रास्ते से स्वास्थ्य मंत्री को मातृ शिशु अस्पताल नहीं लाया गया। दूसरे रास्ते से स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंह देव, स्वास्थ्य सचिव आर प्रसन्ना, कलेक्टर कुंदन कुमार व पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता मातृ शिशु अस्पताल पहुंचे।
