रामपुर: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान के खिलाफ पुलिस और चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्थाओं के खिलाफ ‘भड़काऊ’ शब्दों का इस्तेमाल करने के आरोप में पूर्व मंत्री के खिलाफ एक नया मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने इसकी जानकारी दी। रामपुर उपचुनाव में वीडियो र्सिवलांस टीम के प्रभारी सुजेश कुमार सागर की शिकायत पर शुक्रवार को यह प्राथमिकी कोतवाली थाने में दर्ज की गयी। एक चुनावी सभा के दौरान महिलाओं के खिलाफ कथित रूप से अपमानजनक टिप्पणी करने के आरोप में खान के विरूद्ध मामला दर्ज किए जाने के एक दिन बाद यह प्राथमिकी दर्ज की गई है। शिकायत में कहा गया है, “समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार असीम राजा के समर्थन में एक जनसभा को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री ने एक भाषण दिया। इसमें उन्होंने आम जनता को भड़काने के लिए पुलिस, चुनाव आयुक्त और चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्थाओं के खिलाफ अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया।” शिकायत में कहा गया है कि मोहम्मद आजम खां ने अपने संबोधन में कहा, ‘‘यहां आइए मुख्य चुनाव आयुक्त, आप यहां आ जाइये, दे दो र्सिटफिकेट एमएलए का, हम भी ताली बजाएंगे, भांडो की तरह, जरूरी थोड़ी है कि भांडगिरी आप ही करेंगे, हमें भी भांड बना लो, कही भांडगिरी से शासन नहीं होता, भांडगिरी से देश नहीं चलता,” शिकायत में लिखा है।”
