नई दिल्ली. महान एथलीट उड़न परी पी.टी. उषा को भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) का निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया है. वो आईओए के 95 साल के इतिहास में अध्यक्ष बनने वाली पहली ओलंपियन बन गईं हैं. साथ ही 58 साल की पी.टी. उषा भारतीय ओलंपिक संघ का अध्यक्ष बनने वाली पहली महिला भी हैं. पूर्व खेलमंत्री और कानून मंत्री किरेन रिजिजू ने ट्वीट कर उन्हें भारतीय ओलंपिक संघ के अध्यक्ष बनने की बधाई दी. स्टार धाविका पीटी उषा भारत के महान एथलीटों में से एक हैं. पीटी उषा एशियाई खेलों में चार स्वर्ण पदक और सात रजत पदक जीत चुकी हैं. जुलाई 2022 में पी.टी. उषा को राज्यसभा सदस्य नामित किया गया था.
