रायपुर। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की भारत जोड़ो पदयात्रा का राज्य की राजनीति में असर पड़ता दिख रहा है। कांग्रेस तो यहां स्थानीय स्तर पर पदयात्राओं का आयोजन कर ही रही थी, अब भाजपा, जोगी कांग्रेस समेत अन्य दल भी पदयात्रा की राजनीति में शामिल हो गए हैं। वैसे कांग्रेस व भाजपा में पदयात्रा की प्रतियोगिता भारत जोड़ो पदयात्रा से पहले ही शुरू हो चुकी थी। आजादी के अमृत महोत्सव पर भाजपा ने तिरंगा यात्रा निकाली तो कांग्रेस ने गांधी पदयात्रा का आयोजन किया था। इसके तहत दोनों दल सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में मतदाताओं के घरों तक पहुंचे थे। अब मुख्यमंत्री, सभी मंत्री व विधायकों समेत पूरी राज्य सरकार आज से दो दिन भारत जोड़ो यात्रा में राहुल के साथ होगी। इस बीच छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस पार्टी ने जोगी जन अधिकार पदयात्रा निकालने का एलान कर दिया है। भाजपा राज्य सरकार के खिलाफ जनजागरण पदयात्रा निकालने की तैयारी कर रही है। यात्रा के मामले में आम आदमी पार्टी भी पीछे नहीं है। आप यहां विजय यात्रा निकाल चुकी है। राज्य में 10 महीने बाद चुनाव होने हैं। इससे पहले राजनीतिक दलों की कई पदयात्रा देखने को मिल सकती है।
