रायपुर। मनी लांड्रिंग मामले में जेल में बंद कोयला कारोबारी सूर्यकांत तिवारी, निलंबित आइएएस समीर विश्नोई समेत चारों आरोपियों को ईडी के अधिकारी न्यायिक रिमांड की अवधि खत्म होने पर बुधवार दोपहर को विशेष न्यायालय लेकर पहुंचे हैं। ईडी ने अदालत से आरोपितों की न्यायिक रिमांड बढ़ाने की मांग की है। वहीं एक आरोपित कोयला कारोबारी सुनील अग्रवाल की ओर से अदालत में जमानत की अर्जी लगाई गई है। कोर्ट में इस मामले पर फिलहाल सुनवाई चल रही है। देर शाम तक फैसला सामने आयेगा। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने 11 अक्टूबर को प्रदेश के कई जिलों में एक साथ छापा डाला था। इसमें 13 अक्टूबर को चिप्स के तत्कालीन आइएएस समीर विश्नोई, अधिवक्ता और कारोबारी लक्ष्मीकांत तिवारी और कोयला कारोबारी सुनील अग्रवाल को गिरफ्तार किया गया। ईडी ने इनसे 14 दिन तक पूछताछ की, उसके बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। इस मामले में आरोपित सूर्यकांत तिवारी ने 29 अक्टूबर को ईडी की विशेष अदालत में समर्पण कर दिया।उसे वहां से गिरफ्तार कर ईडी की हिरासत में भेज दिया गया।
