भोपाल। प्रदेश के सरकारी मेडिकल कालेजों में प्रशासकीय अधिकारी के तौर पर राज्य प्रशासनिक सेवा, पुलिस सेवा या वन सेवा के अधिकारियों को प्रतिनियुक्ति पर पदस्थ करने की सरकार की तैयारी का उग्र विरोध शुरू हो गया है। चिकित्सा शिक्षक संघ से जुड़े सदस्यों ने सोमवार को कालेजों में काली पट्टी बांधकर काम करते हुए विरोध जताया। मंगलवार से उन्होंने ओपीडी में सेवाएं देना बंद कर दिया। इससे जीएमसी से संबद्ध हमीदिया अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाएं चरमरा गई हैं।
