कोरबा । राष्ट्रीय आजीविका मिशन बिहान के तहत विकासखंड कोरबा अंतर्गत ग्राम रजगामार की जय माता दी स्व सहायता समूह की महिलाएं वाशिंग पाउडर बना रही हैं। महिलाओं को वाशिंग पाउडर उत्पादन से अतिरिक्त आमदनी मिल रही है। समूह की महिलाओं ने एक माह में 15 क्विंटल तक वाशिंग पाउडर का उत्पादन किया है। महिलाओं ने इसे बाजार में बेचकर 15 हजार रुपये का शुद्ध लाभ कमाया है। इससे समूह की महिलाओं का आजीविका संवर्धन हो रहा है। जिले में बिहान समूह की महिलाएं आजीविका संवर्धन के लिए आगे आ रहीं है। इसके लिए महिलाओं को आर्थिक गतिविधि के लिए समुचित प्रशिक्षण और व्यवसाय के लिए आर्थिक सहायता भी दी जा रही है। इस संबंध में जिला पंचायत सीईओ नूतन कंवर ने बताया की जय माता दी स्व सहायता समूह की महिलाएं वाशिंग पावडर कारोबार से जुड़ सशक्त आजीविका की राह पर चल पड़ी हैं। उन्होंने बताया कि समूह का गठन 2019 में हुआ। इसे संचालित करने के लिए 15 हजार रुपए की चक्रीय निधि एवं सामुदायिक निवेश के 60 हजार रुपये की सहायता दी गई है। समूह की महिलाओं को व्यवसाय बढ़ाने के लिए बैंक से एक लाख रुपए का ऋण भी दिया गया है।
