राजनांदगांव। मुख्यमंत्री भेंट-मुलाकात कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज अंबागढ़ चौकी में अधिकारियों के साथ बैठक कर रहे हैं। समीक्षा बैठक में सीएम बघेल ने अधिकारियों की जमकर क्लास ली। मुख्यमंत्री ने मानपुर एसडीएम पर नाराजगी जाहिर करते हुए उनसे पूछा कि कितने हास्टल का निरीक्षण किया। एसडीएम ने बताया कि दो। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हास्टल का विषय तो सबसे सेंसिटिव होता है, इसकी फ्रीक्वेंसी बढ़े। इसके अलावा सीएम बघेल ने सड़कों की हालत पर अधिकारियों से कहा कि परफार्मेंस गारंटी वाली सड़क पर तत्काल पैच वर्क होना चाहिए। काम में देर हो तो तुरंत ब्लैकलिस्ट करें। इस दौरान उन्होंने औधी की सड़कों के बारे में पूछताछ की। मुख्यमंत्री ने कहा कि अक्सर फोकस मेन रोड पर होता है लेकिन ये पोरस बार्डर है। हर इलाके पर निगरानी रहे। बैठक में मुख्यमंत्री ने धान खरीदी का भी जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा, एक बात ध्यान देनी है कि किसी समिति में ज्यादा धान एक ही दिन में आ जाये तो इस पर बारीकी से नजर रखें, इससे पता लगेगा कि कहीं यहां बाहर से तो धान नहीं खपाया जा रहा है।
