राजधानी दिल्ली में अपनी गर्लफ्रेंड की बेरहमी से हत्या करने वाली आफताब अमीन पूनावाला को गुरुवार को दिल्ली की कोर्ट में पेश किया जाएगा। पुलिस अभी उससे और पूछताछ करना चाहती है। अधिकारियों का कहना है कि अदालत से उसकी और कस्टडी मांगी जाएगी। साथ ही नार्को टेस्ट की अनुमति भी मांगी जाएगी। पुलिस की नजर में अभी भी बहुत कुछ है जो आफताब नहीं बता रहा है। वह बार-बार बयान बदलने की कोशिश कर रहा है। हत्याकांड के लिंक दिल्ली से लेकर मुंबई तक जुड़े हैं। यही कारण है कि अभी पुलिस को और पूछताछ करना है। अधिकारियों के मुताबिक, उन्होंने सभी बड़े सबूत जुटा लिए हैं, लेकिन कुछ और बाकी हैं। इस बीच, पुलिस को उस समय बड़ी कामयाबी हासिल हुई जब उसे महरौली जंगल के इलाके के एक सीसीटीवी के आफताब का वीडियो मिला। अधिकारियों का कहना है कि हत्याकांड की हर गुत्थी को सुलझाने में यह बड़ी भूमिका निभा सकता है। हत्याकांड से जुड़ा एक और पहलू यह भी सामने आया है कि कहीं पिछले दिनों त्रिलोकपुरी में मिला सिर और हाथ श्रद्धा के तो नहीं थे? अब त्रिलोकपुरी और महरौली में मिले शव के हिस्सों का मिलान किया जाएगा। गुत्थी को सुलझाने के लिए दोनों जिलों की पुलिस मिलकर काम रही है। त्रिलोकपुरी में भी अंगों की बरामदगी श्रद्धा की हत्या के बाद ही हुई थी।
