रायपुर। सफलता का एक ही मूल मंत्र है मेहनत। इसे चरितार्थ कर रही हैं गोगांव की 15 वर्षीय विधि साहू। उन्होंने मार्च से भारोत्तोलन का अभ्यास शुरू किया और सिर्फ सात माह की मेहनत से राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीत लिया। विधि 40 किग्रा वजन वर्ग की भारोत्तोलक हैं। बालोद में हुई राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में इन्होंने राज्यभर से आए खिलाड़ियों के बीच जीत का परचम लहराया। अब उनका चयन राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है। तमिलनाडु में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय प्रतिस्पर्धा में वे हिस्सा ले रही हैं। उन्होंने राष्ट्रीय भारोत्तोलक रूस्तम सारंग से प्रेरणा लेकर उन्होंने इस खेल को चुना और अब देश में राज्य का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। रायपुर की डीडी नगर निवासी 10 वर्षीय शानवी गुप्ता अपने पिता राकेश चंद्र गुप्ता के सपनों को पूरा कर रही हैं। राकेश चंद्र बैडमिंटन के खिलाड़ी रहे, पर नौकरीपेशा होने की वजह से उन्हें यह शौक छोड़ना पड़ा। लेकिन उनकी शानवी अंडर-11 में जिला और राज्य स्तरीय प्रतिस्पर्धा जीतने के बाद नेशनल में राज्य का प्रतिनिधित्व करने के लिए नोएडा गई हैं। शानवी पिछले तीन वर्षों से सप्रे शाला मैदान में अभ्यास कर रही हैं। सुबह डेढ़ घंटे और शाम को दो घंटे का समय वह बैडमिंटन कोर्ट में बिताती हैं। घर में भी समय मिलने पर पिता के साथ उनके अनुभव का लाभ लेती हैं।
