छिंदवाड़ा। हमेशा चर्चाओं में रहने वाली शहर की द इवेंजिलीकल लूथरन चर्च सोसायटी के ठिकानों पर गुरुवार सुबह आठ बजे पचास ईओडब्ल्यू अधिकारियों व कर्मचारियों की टीम ने दबिश दी। तकरीबन 15 प्रायवेट वाहनों में पहुंची टीम ने एक साथ शहर में छह स्थानों पर दबिश दी जिससे हड़कंप मच गया। यह कार्रवाई सोसायटी के 126 कर्मचारियों की पांच करोड़ रुपये ईपीएफ कर्मचारी भविष्य निधि के घोटाले के संबंध में की गई। सोसायटी द्वारा कर्मचारियों का 2010 से वर्तमान तक की राशि ईपीएफ में जमा नहीं कराया गया था। जो राशि जीपीएफ व बुक आफ अकाउंट में नहीं दिखाई दे रही है। इसकी शिकायत सोसायटी के कुछ कर्मचारियों द्वारा की गई थी। जिसके बाद ईओडब्ल्यू ने सोसायटी के अध्यक्ष सुरेंद्र सुक्का, सचिव नितिन सहाय, ट्रेजरर एसपी दिलराज, अध्यक्ष भोपाल अनितक सिंह के छिंदवाड़ा निवास के साथ ही नागपुर मार्ग स्थित कार्यालय लूथरन भवन पर दबिश दी। टीम ने सभी स्थानों पर कैश बुक, आडिट रिपोर्ट, रजिस्टार के दस्तावेज प्राप्त करने लगातार जांच की तथा जांच के दौरान सोसायटी से बैंक खाते की डिटेल मांगी गई। दोपहर के बाद टीम सभी पदाधिकारियों को अपने साथ सोसायटी के कार्यालय लूथरन भवन ले गई, जहां पर सभी दस्तावेजों की जांच की जा रही है।
